Saturday, December 4, 2010

बातों में जीतिए अवार्ड...

                                            अगर कोई आपको बातों ही बातों में फिल्म फेयर अवार्ड दिलवा दे तो आप क्या करेंगे। जी हां, मैं सच कह रहा हूं। एक शख्स ऐसा भी है जो यह काम बड़ी चतुराई से कर सकता है। बात कर रहा हूं जौनी चौहान की।  जौनी चौहान वो शख्स है जो बातों में ही इन्सान को इतनी ऊचांईयों पर पहुंचा देते हैं कि बेचारे का नीचे आना मुश्किल हो जाता है। आप सोच रहे होंगे कि आखिर ये क्या बला है। आप सही सोच रहे है। वह एक बला ही हैं। लेकिन बहुत कम लोगों को ही पता चल पाता है कि वो एक बला हैं।
     जौनी चौहान का पेशा क्या है ये कोई समझ ही नहीं पाया, लेकिन वह अपना पेशा फिल्में बनाना और नाटक करना समझते हैं। वो फिल्में जो कभी पूरी नहीं होती और वो नाटक जिनका अंत कभी किसी को नजर नहीं आया। बीवी की कमाई पर ऐश करने वाले और बीवी से ही डरने वाले जौनी चौहान, शहर के लड़के-लड़कियों को इकट्ठा करके भांडबाजी करने का शौक रखते थे। उन्हे वास्तव में यह कार्य प्रिय था या वह किसी और मकसद से यह सब करते थे, इसका फैसला आप लेख को पढ़कर अंत में कीजिएगा। 
  
           चौहान साहब शहर के युवाओं को फिल्मी दुनिया के हसीन सपने दिखाकर अपनी मंडली में भर्ती किया करते थे। हर रोज कोई भी धर्मशाला या किसी भी ठिकाने पर अपना दरबार लगा लिया करते थे। उनका दरबार युवाओं को सुनहरी फिल्मी दुनिया का दरवाजा नजर आता था और यह बात स्वयं चौहान साहब अपने मुंह से ही हर रोज कहा करते थे। शहर के कुछ युवा अपने बलबूते बॉलीवुड में अपना मुकाम बना चुके थे। पूरा शहर उन्हें पहचानता था। बस! चौहान साहब के लिए इतना ही काफी था। अपनी बातों के लिए मसाला उन्हीं होनहार युवाओं से उन्हें मिलता था। वो अक्सर कहते थे, "उस लड़के को मैने ही फिल्मों में चांस दिलवाया है। तुम्हें भी दिलवा सकता हूं।" ये वाक्य सदा उनकी जुबान पर रहता था। शायद नींद में भी उन्हें अपना दरबार ही दिखाई देता होगा।
      अपने दरबार में चौहान साहब कर्म करने की महत्ता पर हर रोज भाषण जैसा कुछ दिया करते थे। मेहनत और लगन पर भी सुंदर विचार प्रस्तुत किया करते थे। कहते थे कि दिल लगाकर एक्टिंग किया करो। एक्टिंग वो चीज जो सिर्फ काम करने से ही आ सकती है। इसलिए काम करना बहुत ही जरूरी है।
                    वो समझाते थे कि अगर काम करना है तो सबसे बड़ी जरूरत है 'लड़की'। क्योंकि अगर लड़की ही नहीं हुई तो नाटक या फिल्म पूरी कैसे होगी। इसलिए हर वक्त लड़कों से यही कहते थे, "बेटा लड़कियां लेकर आओ।" जब महिला कलाकार उनके दरबार में पहुंचती तो सबसे पहले उसे कातिल निगाहों से घूरकर देखते। उसके बाद उसे कहते कि फिल्म लाइन में आजकल बोल्ड किरदार ही ज्यादा चलते हैं। इसलिए अगर आपको हमारे साथ काम करना है तो 'बोल्ड' होना पड़ेगा। अब कितना बोल्ड होना है ये बात चौहान साहब अपने मन में ही रखते थे।
            जो लड़की उनकी बात नहीं मानती वह लौट जाती और जो  मान जाती उसे अपने घर बुलाकर एक्टिंग पर चर्चा करते। कई बार तो कुछ ऐसा भी हुआ, जो किसी की समझ में ही नहीं आया। हुआ ये कि जो महिला कलाकार शुरू में 'बोल्ड' होने के लिए तैयार हो जाती, वह दो दिन बाद ही गायब हो जाती यानि आना ही बंद कर देती। तब सवाल यह उठता कि आखिर वह क्यों नहीं आई।
       कई कलाकारों के मन में सवाल उठता कि चौहान सर ने ऐसा क्या कर दिया जो वो आई ही नहीं। यह बात तो रहस्य ही है। जब वो नहीं आती तो चौहान साहब अपने गुर्गे यानि भविष्य में आनी वाली फिल्म के हीरो से उसे फोन करवाते कि आई क्यों नहीं। सबसे खास बात यह थी कि काम करने की इच्छुक महिला कलाकार को अपने घर पर जरूर बुलाया करते थे। ऐसा तो कभी हुआ  ही नहीं था कि कोई भी उनके घर पर न आई हो। दरसअल उनकी बीवी एक स्कूल में पढ़ाती थी और उनके बच्चे दूसरे शहर में पढ़ते थे। बस, उनका घर अधिकतर खाली रहता था और चौहान मियां हिरोइनों को बुला लेते। घर पर बुलाने के बाद चौहान साहब उसे रोमांस के सीन की रिहसल करवाना शुरू कर देते। आगे क्या होता था यह भी रहस्य ही है। कई बार एक्टिंग की गहराई समझाने के लिए महिला कलाकार को ब्लू फिल्म भी दिखा डालते और समझाते कि ये भी एक्टिंग ही है। साथ में उसे ऐसी बातों की भेल-पूरी खिलाते कि जैसे बॉलीवुड की आने वाली हिरोइन वो ही है। तब वो मन ही मन खुद को फिल्म फेयर जीतते हुए देखती और उस सपने को पूरा करने के लिए चौहान साहब को पूरा सहयोग देने का मन बना डालती।
दिन ऐसे ही बीत जाते। कुछ समय के बाद वही हिरोइन पति और बच्चे के साथ बाजार में नजर आती। एक बात और, चौहान साहब हिरोइनों की शादी में जरूर जाते थे और मौका मिलने पर नई नवेली दुल्हन से कहते, "तेरी शादी हो गई है। अब खूब मस्ती मारना।"
जब उन्हें मन-मुताबिक हिरोइन नहीं मिलती तो वह कहते, "यार ये भी कोई बात है। मैं  मेहनती लड़की के बिना फिल्म  कैसे बना सकता हूं। एक और प्रियंका चोपड़ा है, जो डायरेक्टर के कहने पर हॉट सीन देने के लिए तैयार हो जाती है तो दूसरी और हमारे शहर की लड़कियां हैं जो कुछ भी करने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में फिल्में तो बन ही नहीं सकती।
बस इन्ही परेशानियों की वजह से चौहान साहब फिल्में नहीं बना पा रहे हैं वरना अब तक तो दूसरा बॉलीवुड अपने शहर में बसा चुके होते...

5 comments:

  1. swagat....
    visit http://vivekkevyang.blogspot.com

    ReplyDelete
  2. सुन्दर व्यंग. थेन्क्स.

    ReplyDelete
  3. धन्यवाद विवेक

    ReplyDelete
  4. धन्यवाद सुशील। उम्मीद करता हूं भविष्य में भी उत्साहवर्धन करते रहेंगे।

    ReplyDelete
  5. धन्यवाद आलोक।

    ReplyDelete

चुटकुले और हंसगुल्ले (कुछ हल्के-फुल्के पल...)

कुछ पुरानी यादें... (कविताएं, गीत, भजन, प्रार्थनाएं, श्लोक, अनूदित रचनाएं)

पहेली की दुनिया - मेरी पहेलियां... Paheli ki Dunia - Meri Paheliyaan...